CG News: घर में लगी भीषण आग के बीच फटा गैस सिलेंडर, आग बुझा रहा युवक गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर में बुधवार शाम एक मकान में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने की कोशिश के दौरान घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से आग बुझाने में जुटा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे मकान को घेरा

जानकारी के अनुसार, रतनपुर के कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास रहने वाले दशरथ देवार के घर में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, घरेलू सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी आग में राख हो गई।

आग बुझाते समय हुआ सिलेंडर विस्फोट

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और वार्ड पार्षद मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कपिल यादव पास के मकान की छत पर चढ़कर पानी डाल रहे थे। तभी घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

विस्फोट के झटके से कपिल यादव संतुलन खो बैठे और ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई।

गंभीर हालत में सिम्स किया गया रेफर

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल रतनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।

इलाके में मची अफरा-तफरी

सिलेंडर विस्फोट के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए आग बुझाने का काम भी प्रभावित हुआ। बाद में लोगों ने एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली कराया और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

रतनपुर पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग किन कारणों से लगी, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान बाहर निकालने का मौका भी नहीं मिल सका।

  • Related Posts

    CG Anganwadi Bharti: महिलाओं के लिए खुला नौकरी का रास्ता, जानिए आवेदन से पहले किन बातों पर दें ध्यान

    सुकमा। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी के जरिए रोजगार तलाश रही महिलाओं के लिए अवसर सामने आया है। एकीकृत बाल विकास परियोजना सुकमा के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों…

    Read more

    CG Political News: दो दिन की बंद कमरे वाली बैठक में सरकार के कामकाज पर मंथन, मंत्रियों को संगठन ने दिया साफ संदेश

    रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन ने राज्य सरकार के कामकाज और जमीनी स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों की समीक्षा के लिए राजधानी में दो दिवसीय मैराथन बैठक की। कुशाभाऊ ठाकरे…

    Read more