रतलाम में रात के अंधेरे में खड़े ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार कार, चार की मौत और पांच घायल; खाटूश्याम दर्शन से पहले मातम में बदली यात्रा

 रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार देर रात दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शिवगढ़ के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक से टकराने के बाद काफी दूर तक घिसटती हुई आगे जाकर पलट गई।हादसे में कार सवार नौ लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे भी बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में फंस गए यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही एनएचआई की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। संजय चरपोटा, पायलट प्रताप सहित अन्य कर्मचारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। शिवगढ़ थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए थे। कुछ यात्रियों ने किसी तरह खुद को कार से बाहर निकाला, जबकि अन्य को निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों और बचाव दल को मशक्कत करनी पड़ी।

एक ही परिवार के नौ लोग राजस्थान जा रहे थे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार से थे। वे इंदौर, धार और झाबुआ जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। परिवार खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरी यात्रा को दर्दनाक घटना में बदल दिया।घायलों को तत्काल दो एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घटना की जानकारी मृतकों और घायलों के परिजनों को भी दे दी गई।

सड़क किनारे खड़ा था ट्रक, तेज रफ्तार बनी हादसे की बड़ी वजह

बताया जा रहा है कि ट्रक में खराबी आने के बाद उसे एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया गया था। रात के समय कार की रफ्तार काफी अधिक होने के कारण चालक सड़क पर खड़े ट्रक को समय रहते देख नहीं पाया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से से जा टकराई।हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

  • Related Posts

    अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर सदैव अटल में जुटे दिग्गज, राष्ट्रपति से प्रधानमंत्री तक ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

     नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि के अवसर पर नई दिल्ली स्थित सदैव अटल स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर…

    Read more

    जेवर में पुलिस की बदमाश से मुठभेड़, घर में घुसकर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी बंटी उर्फ मलिंगा गिरफ्तार

    ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर गोलीबारी करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी बंटी उर्फ मलिंगा को गिरफ्तार…

    Read more