
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के पर्यटन स्थल कोरी डैम में 23 सितंबर को हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मारपीट कर पीड़ित से बैग और मोबाइल छीन लिया था।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात की जांच के दौरान कोटा पुलिस ने ACCU की मदद से तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू की गई।पुलिस के मुताबिक, आरोपी कोटा नाका चौक के आसपास लूटे गए मोबाइल को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ और जांच के बाद मामले में एक नाबालिग सहित तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई।
लूटा गया Poco मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में लूटा गया Poco मोबाइल बरामद किया है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 CC 7858 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








