दीपावली-छठ से पहले रेलवे का बड़ा तोहफा, टीकमगढ़ होकर चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, 13 फेरे और सीधी उदयपुर कनेक्टिविटी

Festival Special Train:   दीपावली और छठ पर्व के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों के लिए विशेष सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है। खजुराहो से उदयपुर सिटी के बीच चलने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन टीकमगढ़ स्टेशन से होकर गुजरेगी। इससे टीकमगढ़ के साथ खरगापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा।इस ट्रेन के जरिए यात्रियों को राजस्थान के प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। त्योहार के सीजन में यह सेवा खासतौर पर यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

8 अक्टूबर से शुरू होगी विशेष ट्रेन सेवा

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मुख्यालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन 8 अक्टूबर से शुरू होगा और 20 नवंबर तक जारी रहेगा।ट्रेन नंबर 04141 खजुराहो-उदयपुर सिटी फेस्टिवल स्पेशल 8 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी। इस दौरान ट्रेन कुल 13 फेरे लगाएगी।

टीकमगढ़ में सिर्फ 2 मिनट रुकेगी ट्रेन

खजुराहो से यह ट्रेन रात 8 बजे रवाना होगी और रात 10:13 बजे टीकमगढ़ पहुंचेगी। यहां ट्रेन का ठहराव महज 2 मिनट का रहेगा और 10:15 बजे आगे के लिए रवाना हो जाएगी।इसके बाद ट्रेन रात करीब 11:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचेगी और रात 12:20 बजे वहां से रवाना होगी। अगले दिन शाम 5:50 बजे ट्रेन उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

वापसी में मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी ट्रेन

उदयपुर से खजुराहो के लिए ट्रेन नंबर 04142 फेस्टिवल स्पेशल 9 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। वापसी में भी ट्रेन कुल 13 फेरे लगाएगी।उदयपुर से ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 2:35 बजे यह झांसी पहुंचेगी और शाम 5 बजे टीकमगढ़ पहुंचने का समय निर्धारित है। इसके बाद ट्रेन रात 8:45 बजे खजुराहो पहुंचेगी।

खजुराहो से उदयपुर तक कई प्रमुख स्टेशनों की कनेक्टिविटी

इस विशेष ट्रेन के जरिए खजुराहो से झांसी, आगरा, श्री महावीरजी और केशवरायपाटन होते हुए उदयपुर तक रेल संपर्क मिलेगा। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को राजस्थान की यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

व्यापारी, छात्र और पर्यटकों को मिलेगा सीधा फायदा

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन शुरू होने से त्योहार के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। क्षेत्र के व्यापारी कारोबार के सिलसिले में राजस्थान की ओर आसानी से जा सकेंगे, जबकि छात्रों और पर्यटकों के लिए भी यात्रा सुविधाजनक होगी। खासतौर पर टीकमगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को इस सेवा से राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Posts

रायपुर Apple Store में 1.89 करोड़ की चोरी का खुलासा, इंदौर रेंज से एक आरोपी गिरफ्तार

 रायपुर :  तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के सामने आई नेक्स्ट Apple Store में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 31 अक्टूबर…

Read more

बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस पर BJYM अध्यक्ष का पलटवार, बोले- जनता ने कांग्रेस को कर दिया है फ्री

रायपुर। डबल इंजन सरकार के बावजूद छत्तीसगढ़ में बढ़ती बेरोजगारी वाले कांग्रेस के बयान पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ हेमांग जोशी ने पलटवार किया है. उन्होंने…

Read more