
रायपुर। हर्ष विहार कॉलोनी में हर्ष विहार समिति एवं समस्त महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। उत्सव का आयोजन श्री नरेंद्र नेहरा एवं श्रीमती पारुल नेहरा के नेतृत्व में किया गया।

नौ दिनों तक चले उत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की गई। प्रतिदिन प्रातः योग कार्यक्रम, बच्चों द्वारा माँ दुर्गा स्तुति एवं शिव स्तुति पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां, आकर्षक धार्मिक झांकियां और पारंपरिक धुनुची नृत्य विशेष आकर्षण के केंद्र रहे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

महिला मंडल की सखी-सहेलियों के लिए कपल गेम्स, महिला संगीत और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग के सक्रिय सहयोग से पूरे आयोजन में पारिवारिक सौहार्द और सामाजिक एकता का वातावरण बना रहा।

नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन भंडारा एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। कन्या भोज का आयोजन कर देवी स्वरूपा कन्याओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। समापन समारोह में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती सुषमा गर्ग एवं श्री एस. एम. गर्ग ने बताया कि नवरात्रि उत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना ही नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कारों का विकास, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण, महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना और समाज में आपसी एकता एवं सद्भाव को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं, पुरुष और बच्चे मिलकर किसी आयोजन में भाग लेते हैं, तो सामाजिक रिश्ते मजबूत होते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।







