कुछ घंटों में उजड़ गई परिवार की दुनिया, छोटी बहन की मौत के बाद 10 साल की बच्ची ने दी जान

डेढ़ महीने की मासूम ने अस्पताल में तोड़ा दम, बहन की मौत की खबर से बड़ी बेटी गहरे सदमे में आई

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार पर कुछ घंटों के भीतर ऐसा दुख टूटा कि माता-पिता ने अपनी दोनों बेटियों को खो दिया। पहले डेढ़ महीने की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद छोटी बहन के निधन की खबर सुनकर उसकी 10 साल की बड़ी बहन ने भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार के साथ पूरे गांव में मातम पसरा है।

सर्दी, खांसी और बुखार से बिगड़ी मासूम की तबीयत

यह घटना कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के आमाटिकरा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सुखराम (35) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी रूपकुंवर की उम्र 10 साल थी, जबकि छोटी बेटी रानी महज डेढ़ महीने की थी।

बताया गया कि रानी को सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत थी। तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी नहीं बच सकी जान

मासूम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तीन दिन पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था। इसके बाद परिजन बेहतर उपचार की उम्मीद में उसे वहां लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार रात रानी ने दम तोड़ दिया।

छोटी बेटी की मौत से माता-पिता पहले ही गहरे दुख में थे। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ ही समय बाद एक और दुखद घटना हो गई।

बहन की मौत की खबर सुनकर बड़ी बेटी ने की आत्महत्या

परिजनों ने गांव में मौजूद रिश्तेदारों को रानी की मौत की सूचना दी। इसी दौरान 10 साल की रूपकुंवर को भी अपनी छोटी बहन के निधन की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था। छोटी बहन की मौत की खबर से रूपकुंवर बेहद दुखी हो गई और सदमे में आकर उसने घर में आत्महत्या कर ली।

एक ही परिवार की दो मासूम बेटियों की कुछ घंटों के अंतराल में मौत से गांव में शोक की लहर है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

  • Related Posts

    CG Paddy Procurement: बारिश के चलते धान नहीं बेच पाए किसान, दोबारा मिलेगा टोकन, जानिए रद्द करने के नियम

     रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के कारण धान बेचने से चूक गए किसानों को राहत देने का फैसला लिया गया है। जिन किसानों को धान उपार्जन केंद्र में फसल बेचने…

    Read more

    रेलवे का बड़ा बदलाव: बरौनी की जगह दरभंगा से चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, जैतहरी अंडरब्रिज भी रहेगा बंद

    ट्रेन के शुरुआती स्टेशन और समय में संशोधन, सड़क यातायात पर भी पड़ेगा असर रायपुर :  रेलवे ने परिचालन संबंधी दो अहम फैसले लिए हैं। पहले फैसले के तहत 22 नवंबर…

    Read more