महादेव सट्टा केस में ED की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर गिरफ्तार, 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप

 छत्तीसगढ़ :  चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां देर रात तक सुनवाई चली। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर भेज दिया।

सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप

ED के मुताबिक, हिमांशु शेखर पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से करीब 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि वकील ने जजों और सरकारी अधिकारियों से संपर्क कराने तथा कानूनी मामलों में मदद दिलाने का भरोसा देकर यह रकम हासिल की थी।आरोप है कि हिमांशु शेखर ने सौरभ चंद्राकर को अधिकारियों से कथित सेटिंग कराने का भरोसा दिलाया और इसके बदले बड़ी रकम वसूली। फिलहाल इन आरोपों की जांच जारी है।

28 नवंबर तक ED रिमांड, पैसों के लेन-देन की होगी जांच

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।रिमांड के दौरान ED कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी। एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि सौरभ चंद्राकर और हिमांशु शेखर के बीच कितनी बार मुलाकात हुई तथा इस कथित लेन-देन में अन्य कौन लोग शामिल थे।

सौरभ चंद्राकर के खिलाफ पहले भी जारी हो चुका है रेड नोटिस

महादेव सट्टा मामले के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के खिलाफ भी जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। ED के अनुसार, सौरभ ने सितंबर 2023 में जारी समन का पालन नहीं किया था। इसके बाद 4 सितंबर 2023 को विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया।सौरभ चंद्राकर ने इस वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज कर दी गई।

वानुआतु का पासपोर्ट हासिल करने का भी दावा

जांच में यह बात भी सामने आई कि भारतीय पासपोर्ट धारक होने के बावजूद सौरभ चंद्राकर ने वानुआतु का पासपोर्ट हासिल किया था। उसने अदालत में दावा किया था कि वह 28 जून 2022 को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है।महादेव सट्टा मामले में ED की ताजा कार्रवाई को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब एजेंसी की पूछताछ से कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर नए तथ्य सामने आने की संभावना है।

  • Related Posts

    NMDC की खनन गतिविधियों पर सवाल, जंगल में 3 किलोमीटर तक फैला मलबा; वन विभाग केस दर्ज करने की तैयारी में

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में खनन कार्य के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। बैलाडीला क्षेत्र में लौह अयस्क का खनन करने वाली सरकारी कंपनी NMDC (नेशनल…

    Read more

    CM विष्णुदेव साय का जनदर्शन 26 नवंबर को, दोपहर 12 से 3 बजे तक मुख्यमंत्री निवास में सुनेंगे जनता की समस्याएं

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार, 26 नवंबर को जनदर्शन कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के आम नागरिकों से सीधे मुलाकात करेंगे। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास…

    Read more