वीडियो में हाथ जोड़कर मांगी माफी
वायरल हो रहे वीडियो में रुचिका सिंह नाम की युवती हाथ जोड़कर कहती नजर आ रही है कि उससे गलती हुई और उसे अपने शब्दों पर पछावा है। वीडियो में उसने लोगों से उसे माफ करने की अपील भी की है।
बताई जंतर-मंतर पहुंचने की पूरी बात
वीडियो में युवती ने दावा किया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी और उसी दौरान जंतर-मंतर पहुंच गई। उसके अनुसार वहीं उसने एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कह दीं। उसने कहा कि अब उसे अपनी इस हरकत पर शर्मिंदगी महसूस हो रही है और वह खुद को भी नहीं देख पा रही है।
उम्र को लेकर सामने आया नया दावा
माफी वाले वीडियो में युवती ने खुद को 15 वर्ष का बताया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर में उसकी उम्र 25 वर्ष दर्ज होने की बात सामने आई थी। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला दर्ज होने के बाद बढ़ी चर्चा
प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाले वीडियो के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद यह प्रकरण सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीएम मोदी ने भी दिया था अपना संदेश
इस घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ-साथ उनकी दिवंगत माता के लिए भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे उन्हें दुख पहुंचा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कम उम्र में कई बार लोग गलतियां कर बैठते हैं और ऐसे युवाओं को सुधारने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित बच्चों को माफ करने की बात भी कही थी।