भारत की शर्मनाक हार! न्यूजीलैंड ने 244 रन से दी मात, पहले ओवर में रोहित-कोहली और अय्यर आउट

स्पोर्ट्स डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारतीय क्रिकेट टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से करारी शिकस्त दी। भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन हार की सबसे बड़ी वजह रही। टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को बिना खाता खोले ही लौटना पड़ा।

26.4 ओवर में 89 रन बनाकर टीम इंडिया ऑलआउट

शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और 26.4 ओवर में महज 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

पहली ही ओवर में रोहित, कोहली और अय्यर आउट

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में भारत को तीन बड़े झटके दिए। उन्होंने पहली गेंद पर रोहित शर्मा को आउट किया। इसके बाद विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को भी पवेलियन भेज दिया। तीनों बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सके।

भारत ने शुरुआती चार विकेट महज 9 रन के स्कोर पर गंवा दिए। यह स्थिति 1983 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के 9 रन पर 4 विकेट गंवाने की याद दिला गई। उस मुकाबले में कपिल देव ने ऐतिहासिक पारी खेलकर टीम को संभाला था। इस बार भारतीय टीम वापसी नहीं कर सकी।

विल यंग का शतक, न्यूजीलैंड ने बनाए 333 रन

इससे पहले न्यूजीलैंड की ओर से विल यंग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 125 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने 108 गेंदों का सामना किया। उनके अलावा टिम सीफर्ट ने 58 और फिन एलन ने 41 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों में अक्षर पटेल, गुरनूर ब्रार और औकिब नबी ने दो-दो विकेट हासिल किए।

मैट हेनरी ने बरपाया कहर

न्यूजीलैंड की जीत के सबसे बड़े हीरो मैट हेनरी रहे। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करते हुए पांच विकेट झटके। उनके अलावा मैथ्यू फिशर ने तीन और काइल जैमीसन ने एक विकेट हासिल किया।

भारत की ओर से ईशान किशन ने 27, अक्षर पटेल ने 21 और नमन धीर ने 21 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे

बता दें कि भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। टीम ने पहला मैच 5 विकेट और दूसरा मैच 4 रन से जीता था, जबकि तीसरा वनडे बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं अब सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा।

  • Related Posts

    IPL 2027 Retention List: नीलामी से पहले सभी 10 टीमों ने तय किए अपने खिलाड़ी, जानिए किस फ्रेंचाइजी ने किसे दिया मौका

    IPL 2027 Retention List: आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपने स्क्वाड को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। 17 नवंबर 2026 को…

    Read more

    ICC का 2035 तक का क्रिकेट कैलेंडर जारी, भारत को मिली दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी

    ICC Cricket Calendar 2035: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साल 2035 तक होने वाले पुरुष क्रिकेट के प्रमुख टूर्नामेंट का कार्यक्रम तय कर दिया है। इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठकों…

    Read more