तालाब में नहाने गया युवक गहरे पानी में समाया, एक घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव, एंबुलेंस नहीं पहुंची तो नगर पालिका के वाहन से भेजना पड़ा अस्पताल

आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मोतीसागर तालाब में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने के कारण शव को नगर पालिका के बिजली सुधार कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहन से अस्पताल ले जाना पड़ा।

नहाते समय गहरे पानी में चला गया युवक

जानकारी के मुताबिक ढाबला पीपलोन निवासी 24 वर्षीय भगवानसिंह अपने एक साथी के साथ मोतीसागर तालाब में नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गया। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो उसके साथी ने आसपास मौजूद लोगों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तथा एसडीआरएफ को तत्काल सूचना दी गई।

करीब एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तालाब में खोज अभियान शुरू किया। लगातार प्रयास के बाद लगभग एक घंटे में युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।

हादसे से पहले तालाब में चल रहा था एसडीआरएफ का अभ्यास

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले ही एसडीआरएफ की टीम मोतीसागर तालाब में प्रशिक्षण अभ्यास पूरा कर वहां से रवाना हुई थी। लोगों का कहना है कि यदि टीम उसी समय आसपास मौजूद होती तो संभव है कि युवक को समय रहते बचाया जा सकता था।

एंबुलेंस नहीं पहुंची, दूसरे वाहन से ले जाना पड़ा शव

हादसे के बाद आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफी देर तक एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। आखिरकार नगर पालिका के बिजली सुधार कार्य में उपयोग होने वाले वाहन से शव को जिला अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

  • Related Posts

    एकलव्य मामले पर मुख्यमंत्री हुए सख्त, कलेक्टर से की फोन पर सीधी बात

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं के अपनी समस्याओं को लेकर पैदल कलेक्ट्रेट के लिए निकलने की घटना को गंभीरता से लिया…

    Read more

    छत्तीसगढ़ी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए सकारात्मक पहल

    00 राज्यपाल रमेन डेका से छत्तीसगढ़ी भाषाविदों ने की भेंट रायपुर। राज्यपाल  रमेन डेका से आज लोक भवन में छत्तीसगढ़ी भाषाविदों ने भेंट कर छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची…

    Read more