दुर्गा विसर्जन के दौरान हथियार लहराने का आरोप, विरोध करने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 धरसींवा। रायपुर के नजदीक औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में दुर्गा विसर्जन के दौरान विवाद के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जुलूस के दौरान कुछ युवक देशी कट्टा और धारदार हथियार लहराते हुए हुड़दंग कर रहे थे। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बीच-बचाव करने पहुंचे 28 वर्षीय युवराज वर्मा को घेरकर पीटा गया। हमले में उसके सिर पर ईंट से वार किया गया और पीठ में चाकू घोंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

विरोध करने पर बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, घटना 20 अक्टूबर की शाम ग्राम पंचायत सिलतरा में दुर्गा विसर्जन यात्रा के दौरान शुरू हुई। हथनीन तालाब के पास कुछ युवकों का साईं बिहार समिति के सदस्यों से विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान युवराज वर्मा बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने उसे धमकी दी और वहां से चले गए।

सिलतरा चौक पर युवक को घेरकर पीटा

बताया गया कि करीब आधे घंटे बाद शाम 6 बजे युवराज सिलतरा चौक पर खड़ा था। इसी दौरान अब्दुल बसीर खान उर्फ नज्जू खान ने अपने बेटों नसीम खान, वसीम खान और अन्य साथियों को वहां बुलाया। आरोप है कि इसके बाद युवराज को घेरकर उसके साथ मारपीट की गई।

शिकायत के अनुसार, नसीम खान ने युवराज के सिर पर ईंट से वार किया, जबकि वसीम खान ने कड़े और मुक्कों से उसके चेहरे व नाक पर हमला किया। इसी बीच एक अन्य आरोपी ने उसकी पीठ में धारदार चाकू घोंप दिया। घायल युवराज किसी तरह सिलतरा थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग से चाकू बरामद

सिलतरा थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस ने 21 अक्टूबर को मुख्य आरोपी अब्दुल बसीर खान उर्फ नज्जू खान (51) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। उसके कब्जे से चाकू बरामद होने की जानकारी दी गई है। नाबालिग को बाल न्यायालय, माना रायपुर भेजा गया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, नसीम खान, वसीम खान और वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल होने की बात सामने आई है। हथियारों के कथित प्रदर्शन और हमले से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Posts

दिवाली पर घर जाना पड़ेगा महंगा! रायपुर से फ्लाइट टिकट के दाम में भारी उछाल, बुकिंग से पहले जान लें ये बात

 रायपुर। दिवाली पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए इस बार हवाई सफर जेब पर भारी पड़ सकता है। त्योहारी सीजन में ट्रेनों की सीटें पहले से…

Read more

25 अक्टूबर को रायपुर आएंगी स्मृति ईरानी, एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक स्वागत की तैयारी

 रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के आगमन को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 अक्टूबर को उनके रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर भव्य…

Read more