
एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू एवं श्रीमती सीमा अहिरवार ने अभिभावकों की काउंसलिंग कर दी समझाइश एवं की वैधानिक कार्यवाही
अब तक 340 वाहनों पर कार्यवाही, 269 नाबालिग वाहन चालक एवं 71 स्कूल ऑटो के विरुद्ध कार्रवाई
द्वितीय बार नाबालिग वाहन चलाते पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत होगी सख्त कार्यवाही।
अभिभावकों से बच्चों को वाहन न देने की अपील
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा यातायात डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के बाहर नाबालिग वाहन चालकों एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल ऑटो के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आज रेयान स्कूल (अवंती विहार), द्रोणाचार्य स्कूल (राजेंद्र नगर), ब्रह्मविद स्कूल (भाटागांव), केपीएस स्कूल (सरोना), केंद्रीय विद्यालय (WRS कॉलोनी), विंध्य पब्लिक स्कूल (गुढ़ियारी), एमजीएम स्कूल (गायत्री नगर), देशबंधु स्कूल (गुरु नानक चौक) एवं होली हार्ट स्कूल (सिविल लाइन) के बाहर सघन जांच की गई। इस दौरान 59 नाबालिग वाहन चालक, 03 स्कूल वैन एवं 01 स्कूल ऑटो सहित कुल 63 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।

अभियान के दौरान पकड़े गए नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को यातायात सभागार में बुलाकर एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू एवं श्रीमती सीमा अहिरवार द्वारा विस्तृत काउंसलिंग की गई। अभिभावकों को बताया गया कि नाबालिग बच्चों को वाहन उपलब्ध कराना कानून का उल्लंघन है तथा इससे बच्चों के जीवन एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। उन्हें भविष्य में बच्चों को वाहन न देने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा पुनरावृत्ति न होने की सख्त समझाइश दी गई। साथ ही नियमानुसार चालानी कार्यवाही भी की गई।

यातायात पुलिस द्वारा विद्यालयों के बाहर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 340 वाहनों पर कार्यवाही की जा चुकी है, जिनमें 269 नाबालिग वाहन चालक एवं 71 स्कूल ऑटो शामिल हैं। नाबालिगों द्वारा चलित वाहनों को नियमानुसार जब्त कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई नाबालिग दूसरी बार वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत और अधिक कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर समस्त अभिभावकों से अपील करती है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया अथवा अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।









