भूपेश बघेल का भाजपा पर तंज- आज चुनाव हुए तो एक इनोवा में सिमट जाएगी पार्टी, धान खरीदी और मतदाता सूची में गड़बड़ी पर भी घेरा

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता में राज्य सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 15 नवंबर को छठ पर्व है, लेकिन नितिन नवीन बिहार नहीं जा रहे। बिहार उपचुनाव में हार क्या मिली छत्तीसगढ़ आना पड़ गया। वहीं भूपेश बघेल ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, आज चुनाव हुए तो भाजपा एक इनोवा में ही आएगी। राज्य में भाजपा सरकार की स्थिति खराब है। भाजपा को सिर्फ ज्ञानेश कुमार ही जीता सकते हैं। ज्ञानेश रहेंगे तो 90 में 91 सीट भाजपा जीत जाएगी।

धान खरीदी के मुद्दे पर भी बघेल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, प्रति एकड़ आदान सहायता देना कांग्रेस की योजना को आगे बढ़ाना है। भाजपा ने आखिरकार कांग्रेस की नीति पर पलटी मारी। धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी। आदान सहायता के नाम पर सरकार झुनझुना पकड़ा रही है। धान खरीदी को लेकर सरकार की लचर व्यवस्था दिख रही। सरकार किसानों से पूरा धान नहीं खरीदना चाहती। उन्होंने सरकार से सवाल किया है कि क्या बारदाने, जगह की पर्याप्त व्यवस्था कर ली है ? सरकार के पास किसानों को देने के लिए क्या पर्याप्त राशि है ? राइस मिलर्स ने क्या बीते वर्ष का पूरा चावल जमा कर दिए हैं ? अगर नहीं हुआ तो उठाव के लिए डीओ कैसे कटेगा ? सरकार की ओर से धान खरीदी को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं दिख रही है ? बघेल ने कहा, सरकार को धान खरीदी पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।

जनगणना-2027 पर भूपेश बघेल ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी जाति जनगणना मामले में झूठ बोल रहे हैं। राजपत्र में जाति जनगणना का उल्लेख नहीं है। ओबीसी वर्ग को जनगणना से बाहर रखा गया है। एससी-एसटी के ओबीसी की भी गणना होनी चाहिए।

भिलाई नगर निगम चुनाव पर भूपेश बघेल ने कहा, भिलाई निगम की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी है। जेन-जी का बुखार भारत निर्वाचन आयोग को चढ़ गया है। नए मतदाताओं का नाम जोड़ा ही नहीं गया है। भिलाई नगर निगम क्षेत्र से 5 हजार से अधिक नए मतदाता बाहर हैं। पूरे प्रदेश से 25 हजार नए वोटर्स मतदाता सूची से बाहर हैं। जेन-जी मतदाताओं के साथ आयोग ने बड़ा षड्यंत्र किया है। कांग्रेस की मांग है कि नए मतदाताओं का नाम जोड़ा जाए।

  • Related Posts

    बीजापुर में 19.17 करोड़ का सड़क घोटाला उजागर, 13 अधिकारी निलंबित, 15 ठेकेदारों को वसूली का नोटिस

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सड़क निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि कई स्थानों पर सड़कों…

    Read more

    छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना की रफ्तार तेज, रोजाना 500 से 700 मकानों को मिल रही मंजूरी, बरमकेला सबसे आगे

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में गरीब और जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की कवायद तेज हो गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27…

    Read more