CG News: 9 लाख की ठगी की जांच में खुला बकरा चोरी गैंग का राज, 6 आरोपी गिरफ्तार, नकदी और स्कॉर्पियो जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिटायर्ड शिक्षक से 9 लाख रुपये की ठगी की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जो जमीन समतलीकरण के नाम पर लोगों को ठगने के साथ-साथ क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी की वारदातों को भी अंजाम देता था। रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो जब्त की गई है।

जमीन समतलीकरण के नाम पर 9 लाख की ठगी

कोटा क्षेत्र के श्रीपारा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामनारायण सिंह पोर्ते (65) अपनी तीन एकड़ जमीन को खेती योग्य बनाने के लिए समतलीकरण कराना चाहते थे। इसी दौरान एक युवक ने उनसे संपर्क कर काम कराने का भरोसा दिलाया। अगले दिन आरोपी ने मशीनें और मजदूर मौके पर होने का दावा करते हुए पहले दो लाख और फिर सात लाख रुपये ले लिए। बैंक से रकम निकलवाने के बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। जब शिक्षक खेत पहुंचे तो वहां कोई मशीन या मजदूर मौजूद नहीं था। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में मिला बड़ा सुराग

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और कोटा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान कर्रा क्षेत्र में बाहर से आकर ठहरे कुछ संदिग्धों की जानकारी मिली। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली।

बकरा-बकरी चोरी का भी हुआ खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने रतनपुर क्षेत्र के चकराभाठा गांव में रहने वाले समन सिंह पैकरा के घर से 19 बकरियां चोरी करने की बात भी कबूल की। चोरी की गई बकरियों को जबलपुर में बेच दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिक्री की 1.50 लाख रुपये की रकम और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीम खान (35), शाहरूख खान (22) सभी निवासी उमरिया, जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश) तथा मोहम्मद अच्छन (33) निवासी रजकपुर, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

आगे की जांच जारी

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों में शामिल हो सकता है। गिरफ्तार आरोपियों को रतनपुर पुलिस के हवाले कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • Related Posts

    नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने कसी कमर, जिम्मेदारियों के साथ मैदान में उतारे ये प्रमुख चेहरे

    रायपुर. आगामी नगरीय निकाय चुनाव 2026 को मजबूती से लड़ने और चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नियुक्तियां की है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के…

    Read more

    छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती में पदोन्नति कोटा घटाने के खिलाफ दायर याचिका खारिज

    बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जूनियर इंजीनियरों (Junior Engineers) को बड़ा झटका देते हुए असिस्टेंट इंजीनियर (Assistant Engineer) के पदों पर भर्ती के लिए कोटे के पुनरीक्षण (Revision) को चुनौती देने वाली…

    Read more