CG News: खेत में काम कर रहे दंपति पर गिरी आकाशीय बिजली, दोनों की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम

सक्ती। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच सक्ती जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में काम कर रहे पति-पत्नी पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत में काम के दौरान हुआ हादसा

यह घटना डभरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव की है। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय आनंद राम माली और उनकी 45 वर्षीय पत्नी धोबनीन माली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला, तेज बारिश शुरू हुई और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि मृतक दंपति के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।

परिजनों के लिए मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को प्राकृतिक आपदा राहत योजना के तहत जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।

मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह

प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें और गरज-चमक के समय पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर शरण न लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

  • Related Posts

    भाजपा के इस फैसले से गरमाई जनकपुर की सियासत, संगठन के पुराने चेहरे पर छह साल की बड़ी कार्रवाई

    CG Political Breaking News:  भारतीय जनता पार्टी ने जनकपुर क्षेत्र के वरिष्ठ नेता दुर्गाशंकर मिश्र के खिलाफ कड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार उन्हें…

    Read more

    कलाकारों को मंच और सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता- मंत्री राजेश अग्रवाल

     रायपुर : आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक समारोह पावस प्रसंग 2026 का समापन सुर, ताल, लय और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों के साथ हुआ। मुक्ताकाशी मंच पर अंतिम दिन बड़ी संख्या में…

    Read more