
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के कथित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। मामले में करीब चार साल से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, सुब्बू शराब सिंडिकेट में समन्वय की प्रमुख कड़ी था और वित्तीय लेन-देन का जिम्मा संभालता था। अवैध शराब की बिक्री, कमीशन की वसूली, हवाला के जरिए रकम विदेश भेजने और सोने-चांदी की खरीद में उसकी कथित भूमिका सामने आई है। एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ से घोटाले के वित्तीय नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में अहम जानकारियां मिलेंगी।
रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर UAE में हुई गिरफ्तारी
EOW के मुताबिक, जांच शुरू होने के बाद विकास अग्रवाल अक्टूबर 2022 के आसपास परिवार सहित दुबई चला गया था। एजेंसी ने 17 जनवरी 2024 को अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान सुब्बू को पूछताछ के लिए कई नोटिस भेजे गए, लेकिन वह जांच में शामिल नही हुआ।
नवंबर 2024 में उसके खिलाफ फरारी में पूरक चालान पेश किया गया। इसके बाद 13 फरवरी 2025 को विशेष न्यायालय रायपुर ने उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया। EOW के अनुरोध पर इंटरपोल ने अगस्त 2026 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसी आधार पर UAE की संबंधित एजेंसियों ने उसे हिरासत में लेकर छत्तीसगढ़ EOW की टीम को सौंप दिया।
भारत लाए जाने के बाद 27 नवंबर 2026 की देर रात आरोपी को गैर-जमानती वारंट की तामील के लिए विशेष न्यायालय रायपुर में पेश किया गया। अदालत की अनुमति के बाद EOW ने उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय ने पूछताछ के लिए 30 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड मंजूर की है।
पार्ट-बी शराब के उत्पादन से दुकानों तक सप्लाई का आरोप
EOW की जांच में दावा किया गया है कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी। इसे पार्ट-बी शराब कहा जाता था। आरोप है कि बोतलों पर डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर सरकारी शराब दुकानों के जरिए इसकी बिक्री की जाती थी। इस बिक्री को सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नही किया जाता था और नकदी अलग रखी जाती थी।
एजेंसी के अनुसार, इस व्यवस्था को चलाने में सुब्बू की अहम भूमिका थी। वह पार्ट-बी शराब के उत्पादन के लिए डिस्टिलरी संचालकों से संपर्क और समन्वय करता था। डिस्टिलरियों में अपने लोगों की तैनाती, खाली बोतलों की व्यवस्था और अलग-अलग इकाइयों के लिए सप्लायर तय करने का काम भी उसके जिम्मे बताया गया है।
जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि नकली होलोग्राम दिल्ली से रायपुर मंगाकर डिस्टिलरियों तक पहुंचाने में सुब्बू की भूमिका थी। इसके लिए वह अमित सिंह के संपर्क में रहता था। शराब की खेप डिस्टिलरी से सरकारी दुकानों तक पहुंचाने के लिए आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों से समन्वय करने का आरोप भी एजेंसी ने लगाया है।
अनवर ढेबर को भेजता था गाड़ियों और रकम का हिसाब
जांच एजेंसी के मुताबिक, सुब्बू की भूमिका शराब की सप्लाई तक सीमित नही थी। वह अलग-अलग डिस्टिलरियों से जिलों के लिए रवाना होने वाली गाड़ियों, शराब बिक्री से मिलने वाली रकम और बकाया राशि का हिसाब रखता था।
EOW को सुब्बू और अनवर ढेबर के बीच हुई व्हाट्सऐप चैट भी मिली है। एजेंसी का दावा है कि इन संदेशों में गाड़ियों की आवाजाही और रकम के लेन-देन का विवरण मौजूद है।
आरोप है कि 15 जिलों की सरकारी शराब दुकानों से पार्ट-बी शराब की बिक्री की नकदी सुब्बू के सहयोगी रायपुर स्थित गोलछा अपार्टमेंट लेकर आते थे। वहां रकम की गिनती के बाद उसे अनवर ढेबर के बताए लोगों तक पहुंचाया जाता था। जांच में पार्ट-बी शराब की बिक्री पर सुब्बू को प्रति पेटी 50 रुपये कमीशन मिलने की बात भी सामने आई है।
कई तरह के कमीशन की वसूली में भूमिका
EOW के अनुसार, शराब सिंडिकेट में कमीशन वसूली के अलग-अलग तरीके अपनाए जाते थे। नियमित शराब आपूर्ति के बदले डिस्टिलरों से पार्ट-ए कमीशन और आपूर्ति क्षेत्र या बाजार में हिस्सेदारी तय करने के लिए पार्ट-सी कमीशन वसूले जाने का आरोप है।
इसके अलावा विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से एफएल कमीशन तथा सरकारी शराब दुकानों के लिए कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों से मैनपावर और ओवरटाइम कमीशन लेने की बात भी जांच में सामने आई है।
एजेंसी का आरोप है कि नई आबकारी नीति लागू होने के बाद विदेशी शराब की आपूर्ति के लाइसेंस किन कंपनियों को दिए जाएं, कमीशन कितना तय हो और उसकी वसूली किस तरह की जाए, इन मामलों में भी सुब्बू की भूमिका थी। वसूली और बकाया रकम का पूरा हिसाब सिंडिकेट के सदस्यों तक पहुंचाना भी उसकी जिम्मेदारी बताई गई है।
हवाला के जरिए करोड़ों रुपये दुबई भेजने का आरोप
मामले की जांच में हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल का भी खुलासा हुआ है। EOW के मुताबिक, सिंडिकेट के कहने पर सुब्बू ने अपने परिचित हवाला कारोबारियों सुमित मालू और रवि बजाज के माध्यम से घोटाले की रकम देश के अलग-अलग शहरों में भिजवाई।
एजेंसी का दावा है कि अनवर ढेबर के निर्देश पर भारत से हवाला के जरिए दुबई भेजी गई करोड़ों रुपये की रकम के भुगतान के लिए सुब्बू, फरारी में चालान किए गए आरोपी खंजन ठक्कर के संपर्क में था। खंजन ठक्कर को हवाला कारोबारी बताया गया है और वह फिलहाल UAE की जेल में बंद है।
जांच एजेंसी के अनुसार, दुबई में सुब्बू खुद हवाला के जरिए भेजी गई रकम प्राप्त करता था।
अनवर ढेबर के लिए 200 किलो से अधिक सोना खरीदने का दावा
EOW की विवेचना में सुब्बू की बुलियन कारोबार से जुड़ी पृष्ठभूमि भी सामने आई है। एजेंसी के मुताबिक, उसने अपने कारोबारी संपर्कों का इस्तेमाल कथित घोटाले की रकम को सोने और चांदी में निवेश करने के लिए किया।
आरोप है कि सुब्बू ने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से अनवर ढेबर के लिए सोना और चांदी खरीदी। अब तक की जांच में अनवर ढेबर के लिए 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने की जानकारी मिलने का दावा किया गया है। इस खरीद में इस्तेमाल रकम के स्रोत और संबंधित कारोबारियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
97 आरोपी, अदालत में पेश किए जा चुके हैं 10 चालान
EOW के अनुसार, इस प्रकरण में व्यक्तियों, फर्मों और कंपनियों सहित अब तक कुल 97 आरोपियों के खिलाफ 10 चालान अदालत में पेश किए जा चुके हैं। मामले की जांच अभी जारी है और अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अब विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से पूछताछ के दौरान कथित शराब सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क, कमीशन वसूली, हवाला कारोबार, सोने-चांदी में निवेश और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
करीब चार साल तक विदेश में फरार रहने के बाद सुब्बू की गिरफ्तारी को जांच एजेंसी अहम घटनाक्रम मान रही है। हालांकि, EOW द्वारा लगाए गए आरोपों और जांच में सामने आए तथ्यों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा। फिलहाल 30 नवंबर 2026 तक मिली पुलिस रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ पर सबकी नजर है।






