Chhattisgarh Politics: भूपेश बघेल पर ओपी चौधरी का तीखा हमला, बोले- घटिया राजनीति करने वालों से नहीं लूंगा कोई सर्टिफिकेट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से साझा किए गए पोस्ट पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। फेसबुक के जरिए पलटवार करते हुए चौधरी ने बघेल पर निशाना साधा और उनकी राजनीति को बेहद निम्न स्तर का बताया। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़े कई सवाल भी उठाए।

पीएम मोदी के फैसले पर भूपेश बघेल से मांगा जवाब

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने इसमें केवल इस तथ्य का उल्लेख किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में आजाद भारत को आदिवासी समाज से पहली राष्ट्रपति मिलीं। उन्होंने सवाल किया कि इस बात में आपत्तिजनक क्या है?

चौधरी ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को आजादी के बाद 50 साल से अधिक समय तक देश की सत्ता संभालने का अवसर मिला, लेकिन इतने लंबे कार्यकाल में आदिवासी समुदाय से किसी व्यक्ति को राष्ट्रपति बनाने की पहल क्यों नहीं की गई?

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भी कांग्रेस को घेरा

ओपी चौधरी ने अपने बयान में 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, जिसके बाद पूरे देश में यह आयोजन किया जाता है।

मंत्री ने भूपेश बघेल से सवाल किया कि कांग्रेस को पांच दशक से अधिक समय तक शासन करने का अवसर मिला, फिर भी भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान जननायक की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की पहल क्यों नहीं हुई? उन्होंने गांधी परिवार तक सीमित रहने की राजनीति पर भी सवाल खड़े किए।

IAS चयन और हिंदी साहित्य का जिक्र कर किया पलटवार

अपने जवाब में वित्त मंत्री ने व्यक्तिगत उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद उन्हें इसी प्रदेश में IAS के रूप में चयनित होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि गणित के विद्यार्थी होने के बावजूद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा के लिए हिंदी साहित्य को भी अपने विषयों में शामिल किया था।

चौधरी ने कहा कि भाषा और साहित्य के क्षेत्र में वे हमेशा सीखने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन भूपेश बघेल जैसे व्यक्ति से किसी तरह का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपने बयान में पूर्व मुख्यमंत्री की राजनीति पर भी तीखा कटाक्ष किया।

15 नवंबर को आदिवासी समाज के बीच कार्यक्रम को लेकर उठाया सवाल

ओपी चौधरी ने भूपेश बघेल के सोशल मीडिया अकाउंट का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर एक तैयार पोस्ट दिखाई दिया था, जिसे उनके ऑपरेटर और डिजाइनर की ओर से तैयार किया गया था।उन्होंने आरोप लगाया कि 15 नवंबर को और उसके बाद भूपेश बघेल की जनता के बीच कोई ऐसी गतिविधि नजर नहीं आई, जो भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित हो।मंत्री ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आदिवासी समाज के बीच कोई सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया है, तो उसका विवरण उन्हें भेजें। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई आयोजन नहीं किया गया है, तो भूपेश बघेल को आदिवासी समाज के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

 

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी सियासी तकरार

ओपी चौधरी के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। आदिवासी समाज के सम्मान, भगवान बिरसा मुंडा की विरासत और कांग्रेस के शासनकाल को लेकर वित्त मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री से सीधे सवाल किए हैं। अब इस मुद्दे पर भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

  • Related Posts

    छत्तीसगढ़ में छोटी ग्राम पंचायतों को मिलेगा नलजल अनुदान, 75% से अधिक वसूली पर हर साल 50 हजार रुपये का इनाम

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार नई पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 18 नवंबर को…

    Read more

    भारत मंडपम में बिखरे छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग, पारंपरिक नृत्यों ने बांधा समां, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले-

    नई दिल्ली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंगों से सराबोर…

    Read more