सुबह सुकमा पहुंचेंगे सीएम साय, प्रभावित इलाकों का लेंगे जायजा
मुख्यमंत्री कार्यालय के कार्यक्रम के अनुसार विष्णुदेव साय सुबह 10:20 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से कार के जरिए पुलिस ग्राउंड हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से सुकमा के लिए प्रस्थान करेंगे।मुख्यमंत्री करीब 11:50 बजे सुकमा पहुंचेंगे। यहां वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी निरीक्षण करेंगे। इसके बाद राहत शिविरों में पहुंचकर वहां रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
राहत शिविरों में भोजन-पानी और दवाओं की व्यवस्था देखेंगे
सुकमा में मुख्यमंत्री राहत शिविरों में लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे। इस दौरान भोजन, पेयजल, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी।मुख्यमंत्री प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियां भी जानेंगे। इसके साथ ही अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी लेकर जरूरत के मुताबिक जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
जगदलपुर में भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे निरीक्षण
सुकमा के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां दोपहर 1:50 बजे से 3 बजे तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का निरीक्षण प्रस्तावित है।जगदलपुर में मुख्यमंत्री जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में जारी व्यवस्थाओं और आगे की तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी जाएगी।
शाम को रायपुर लौटेंगे मुख्यमंत्री
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम को रायपुर लौटेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उनका हेलीकॉप्टर शाम 5:15 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पर पहुंचेगा। इसके बाद शाम 5:25 बजे वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।