
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। सोमवार को इसमें लगभग पांच प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई और यह 87.72 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। मंगलवार, 11 अगस्त की सुबह भी तेजी का सिलसिला जारी रहा और शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड करीब 87.88 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सुबह छह बजे जारी किए गए ताजा रेट में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया है।
एथेनॉल फ्री पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल से काफी अधिक
इंडियन ऑयल द्वारा पेश किया गया XP100 पेट्रोल पूरी तरह एथेनॉल मुक्त ईंधन है। इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में काफी ज्यादा है। दिल्ली में XP100 की कीमत 167.35 रुपये प्रति लीटर है, जबकि सामान्य पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध है। वहीं डीजल का भाव 95.20 रुपये प्रति लीटर और XP95 पेट्रोल 109.24 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
सरकार की एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल योजना के तहत E20 ईंधन में 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करना है।
XP100 क्यों माना जाता है खास
XP100 को विशेष रूप से हाई परफॉर्मेंस इंजन वाले वाहनों के लिए तैयार किया गया है। इसमें 100 ऑक्टेन रेटिंग होती है और इसमें एथेनॉल नहीं मिलाया जाता। यही वजह है कि सुपरकार, प्रीमियम सेडान और उच्च क्षमता वाली स्पोर्ट्स बाइक्स के लिए इसे बेहतर विकल्प माना जाता है। इंडियन ऑयल ने इस ईंधन को वर्ष 2020 में बाजार में उतारा था।
11 अगस्त तक LPG सिलेंडर के दाम में नहीं हुआ कोई बदलाव
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए भी फिलहाल राहत बनी हुई है। एक अगस्त को जारी नई कीमतों के बाद से 11 अगस्त तक घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडरों के रेट में कोई संशोधन नहीं किया गया है।
कहां सबसे सस्ता और कहां सबसे महंगा सिलेंडर
देश के प्रमुख शहरों में मुंबई अब भी सबसे कम कीमत पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने वाला शहर बना हुआ है। यहां घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2691.50 रुपये में मिल रहा है।
दूसरी ओर लेह में एलपीजी सबसे महंगा है। यहां 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर 1179 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3376.50 रुपये में बिक रहा है।
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो लखनऊ में घरेलू सिलेंडर 979.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2860.50 रुपये का है। रांची में घरेलू सिलेंडर 999.50 रुपये तथा कमर्शियल सिलेंडर 2922 रुपये में उपलब्ध है।
महानगरों में LPG की मौजूदा कीमतें
दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2738 रुपये का है। कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 968 रुपये जबकि कमर्शियल सिलेंडर 2872.50 रुपये में मिल रहा है। चेन्नई में घरेलू सिलेंडर 957.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2906 रुपये का है। वहीं बेंगलुरु में घरेलू सिलेंडर 944.50 रुपये तथा तिरुवनंतपुरम में कमर्शियल सिलेंडर 2744 रुपये में उपलब्ध है।
अगस्त की शुरुआत में मिली थी राहत
गौरतलब है कि एक अगस्त को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये तक की कटौती की गई थी। इसके बाद से अब तक कंपनियों ने किसी भी श्रेणी के सिलेंडर के दाम में नया बदलाव नहीं किया है।




