रायपुर में छात्रा की मौत ने खड़े किए कई सवाल, साथ रहने वाले युवक से पुलिस कर रही पूछताछ

 रायपुर : बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका के शरीर और गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि मारपीट के बाद गला दबाकर उसकी जान ली गई।घटना मुजगहन थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मृतका के साथ रहने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कांकेर की रहने वाली थी भारती, रायपुर में कर रही थी पढ़ाई

मृतका की पहचान 19 वर्षीय भारती नेताम के रूप में हुई है। वह कांकेर जिले के कोकपुर गांव की रहने वाली थी। भारती रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी।जानकारी के मुताबिक, वह पिछले करीब 6 से 7 महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थी। सावंत रावतपुरा सरकार महाविद्यालय का छात्र बताया जा रहा है।

बहन ने लगाए गंभीर आरोप, बताया पहले भी होती थी मारपीट

भारती की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सावंत बघेल को भारती पर किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क होने का शक था। इसी बात को लेकर वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था।देविका के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर बताया था कि सावंत ने उसके साथ दोबारा मारपीट की है। उसने घर वापस कोकपुर आने की इच्छा जताई थी, लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। इसके बाद देविका ने ऑनलाइन तीन हजार रुपए भेजे थे।इसके बाद 4 अगस्त की रात देविका को सूचना मिली कि भारती की तबीयत खराब होने के बाद उसे मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद वह 5 अगस्त को अपने पिता और बहन के साथ रायपुर पहुंची।

शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या का मामला दर्ज

पुलिस जांच में भारती की बाईं आंख के नीचे और गर्दन के पीछे चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा शरीर पर खून जमने के भी संकेत पाए गए हैं।देविका की शिकायत के आधार पर मुजगहन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

  • Related Posts

    राजमिस्त्री और रेजा-कुली के बच्चे अब पढ़ेंगे बड़े आवासीय स्कूलों में

    00 अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से नारायणपुर के श्रमिक परिवारों के सपनों को मिली नई उड़ान रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल…

    Read more

    गांव की बेटी ने लिखी आत्मनिर्भरता की कहानी, सुमन लता बनीं लखपति दीदी

    00 20 हजार से शुरू की किराना दुकान, आज सालाना एक लाख से अधिक की आय रायपुर। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने…

    Read more