
Raipur : त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रायपुर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलबाजार में मिठाइयों पर इस्तेमाल होने वाले चांदी वर्क की गुणवत्ता जांची गई। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग ब्रांड के कुल 5 विधिक नमूने लिए गए, जबकि श्री ब्रांड के 8 पैकेट जब्त किए गए।
त्योहारों को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) ने त्योहारों के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और निरीक्षण के निर्देश दिए है। विभाग का उद्देश्य लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावटी या अमानक उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।निर्देशों के तहत मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल निर्माताओं, विक्रेताओं तथा थोक कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
गोलबाजार के कारोबारियों के यहां से लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चांदी वर्क की गुणवत्ता जांचने के लिए गोलबाजार स्थित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग ब्रांड के नमूने एकत्र किए गए।
लक्मन दास सेल्स: अनूप ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया।
न्यू राम कृष्ण एजेंसी: शक्ति, श्री और शुभ ब्रांड सिल्वर लीव्स के नमूने लिए गए। इसी प्रतिष्ठान से श्री ब्रांड के 8 पैकेट जब्त किए गए।
मेसर्स दौलत राम दीवान: शाही ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया।
इस कार्रवाई में कुल 5 विधिक नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला में नमूनों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग का यह अभियान जारी रहेगा, ताकि बाजार में बिकने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।








