सड़क हादसों में फरिश्ता बने 5 युवाओं का सम्मान, पुलिस कमिश्नर ने कहा- एक मदद बचा सकती है जिंदगी

 

रायपुर में नेक इंसानियत को मिला सलाम, घायल लोगों की जान बचाने वालों को किया गया सम्मानित

 

रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद कर उनकी जिंदगी बचाने वाले 5 गुड सेमेरिटन यानी नेक व्यक्तियों को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर समाज के सामने मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में युवाओं से अपील की गई कि वे दुर्घटना के समय मदद के लिए आगे आएं और मानवता का परिचय दें।

एक घंटे की मदद तय करती है जिंदगी और मौत का फर्क

यातायात पुलिस रायपुर द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में बताया गया कि सड़क हादसे के बाद पहला एक घंटा घायल व्यक्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसे गोल्डन आवर कहा जाता है। यदि इस दौरान घायल को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो अधिकांश मामलों में उसकी जान बचाई जा सकती है।

इसके बावजूद कई लोग कानूनी झंझट के डर से मदद करने से बचते हैं। इसी सोच को बदलने के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार गुड सेमेरिटन कानून का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि मदद करने वालों को सम्मान और सुरक्षा दोनों मिल सके।

पुलिस कमिश्नर ने दिए बड़े प्रचार अभियान के निर्देश

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेक कार्य करने वाले इन लोगों की कहानी शहरभर तक पहुंचाई जाए। इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कलेक्ट्रेट गेट, जयस्तंभ चौक, मरीन ड्राइव और प्रमुख चौराहों पर बड़े होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग प्रेरित हो सकें।

इन 5 लोगों ने दिखाई इंसानियत की मिसाल

गगनदीप सिंह अरोरा बने घायल महिला के सहारा

शंकर नगर निवासी गगनदीप सिंह अरोरा ने विधानसभा रोड स्थित वीआईपी टर्निंग में स्कूटी से गिरी महिला की मदद की। उन्होंने महिला को संभाला, पानी पिलाया और परिजनों को बुलाकर सुरक्षित सुपुर्द किया।

राजेश कुमार चौधरी ने तुरंत पहुंचाई मदद

कबीर नगर निवासी राजेश कुमार चौधरी ने सड़क दुर्घटना में घायल बाइक चालक को तत्काल डायल 112 की सहायता से अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

हेमचंद यादव ने दो घायलों की बचाई जान

आजाद चौक स्थित ओला शोरूम के पास हुए हादसे में बाइक चालक और सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हेमचंद यादव ने तत्काल पुलिस सहायता बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचवाया।

करणदीप सिंह ने हादसे के बाद दिखाई तत्परता

देवेंद्र नगर निवासी करणदीप सिंह ने राजभवन के पास डिवाइडर से टकराए ऑटो में घायल दो लोगों को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

गोपेंद्र धनगर ने दिखाई मानवता

टिकरापारा निवासी गोपेंद्र धनगर ने नूतन स्कूल के पास हुए सड़क हादसे में घायल कार सवारों की मदद कर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचवाया।

युवाओं से की गई आगे आने की अपील

कार्यक्रम के अंत में पुलिस कमिश्नर ने सभी सम्मानित गुड सेमेरिटन से भविष्य में भी इसी तरह जरूरतमंदों की मदद करते रहने की अपील की। साथ ही कहा कि समाज में ऐसे उदाहरण बढ़ेंगे तो सड़क हादसों में होने वाली मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल दौलत राम पोर्ते, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात गुरजीत सिंह और सतीश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

  • Related Posts

    रायपुर AIIMS में बड़ा बदलाव! अब पर्ची की झंझट से मिलेगी मुक्ति, टेस्ट कराना होगा आसान

    Raipur AIIMS: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में बड़ा बदलाव हुआ है. अब मरीजों को लैब में जांच कराने के लिए पर्ची की आवश्यकता नहीं होगी.…

    Read more

    बालोद में महिला का अपहरण कर गैंगरेप का आरोप

    बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से महिला से गैंगरेप का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कांकेर जिले की रहने वाली एक महिला का अपहरण…

    Read more