
रायपुर l खैरागढ़ स्थित मनोहर गौशाला में गौमाता की सेवा, संरक्षण, चिकित्सा और अनुसंधान को समर्पित श्री कामधेनु मंदिर धाम का निर्माण किया जाएगा। कामधेनु माता की समाधि में यह धाम बनाया जाएगा। इसके लिए गुरुवार, 26 नवंबर को सुबह 11 बजे भूमिपूजन होगा। मनोहर गौशाला परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में गौसेवा, जीवदया और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। मनोहर गौशाला के ट्रस्टी डॉ. अखिल जैन ने बताया कि कामधेनु धाम का निर्माण केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए गौसेवा, जीवदया और मानव कल्याण की विरासत स्थापित करने का प्रयास है। इसका उद्देश्य गौमाता की सेवा और संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाना है। मनोहर गौशाला परिवार ने श्रद्धालुओं और गौसेवकों से भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। साथ ही गौमाता की सेवा और संरक्षण की परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया है।








