
0 मनोहर गौशाला के संस्थापक डॉ. अखिल जैन की पहल, किसानों को गौ-आधारित खेती और प्राकृतिक उत्पादों की मिलेगी जानकारी
रायपुर | साड़ी कारोबार के साथ अब गौसेवा और जैविक खेती को बढ़ावा देने की पहल होगी। खैरागढ़ स्थित मनोहर गौशाला के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी डॉ. अखिल जैन रायपुर में मुख्य कार्यालय और जैविक कृषि प्रोत्साहन प्रशिक्षण केंद्र शुरू कर रहे हैं। यह केंद्र पंडरी के महालक्ष्मी मार्केट में मनोहरा साड़ी के ऊपर खुलेगा। यहां किसानों को गौ-आधारित खेती, प्राकृतिक उत्पादों और पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी जाएगी। साथ ही युवाओं और व्यापारियों को भी इस अभियान से जोड़ने की योजना है।

डॉ. अखिल जैन ने बताया कि व्यापार केवल कमाई का जरिया नहीं, बल्कि समाजसेवा का माध्यम भी बन सकता है। इसी सोच के साथ यह पहल की जा रही है। खैरागढ़ की मनोहर गौशाला में गौसेवा के साथ जैविक कृषि पर भी काम किया जा रहा है। यहां गौमूत्र, नीम और प्राकृतिक वनस्पतियों से तैयार ‘फसल अमृत’ तथा गोबर और गौमूत्र आधारित ‘मनोहर ऑर्गेनिक गोल्ड’ जैसे उत्पादों पर काम हो रहा है। इनका उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के विकल्पों से परिचित कराना है। डॉ. जैन के अनुसार, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से जुड़े अनुसंधान कार्यों को भी महत्व दिया जा रहा है। उनका मानना है कि पारंपरिक ज्ञान और वैज्ञानिक शोध को साथ लेकर चलना जरूरी है।
किसानों को प्रशिक्षण, युवाओं को जोड़ने की तैयारी
डॉ. जैन ने बताया कि रायपुर केंद्र से किसानों को जैविक खेती के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। यहां गौसेवा, जीवदया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की गतिविधियां भी होंगी। युवाओं को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि मिट्टी की सेहत सुधारना, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों को बचाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। केंद्र का उद्देश्य इन विषयों पर लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।

यहां खुलेगा नया केंद्र
मनोहर गौशाला का रायपुर मुख्य कार्यालय एवं जैविक कृषि प्रोत्साहन प्रशिक्षण केंद्र महालक्ष्मी मार्केट, पंडरी में शुरू होगा। इसका पता प्रथम तल, मनोहरा साड़ी के ऊपर, शॉप नंबर 2, महालक्ष्मी मार्केट, पंडरी, रायपुर है। यहां से किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को गौसेवा तथा जैविक कृषि से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देने की योजना है।









