राष्ट्रपति से मिलकर लौटे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से साझा किए यादगार अनुभव

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और लोक संस्कृति की दिखी झलक, CWSN विद्यार्थी नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी

रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की यात्रा, राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद और वहां प्रस्तुत किए गए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुवा नृत्य से जुड़े अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी नहीं है। उन्हें अवसर और उचित मंच मिले तो वे देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

राष्ट्रपति से संवाद रहा अविस्मरणीय

विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने बच्चों से सहजता और आत्मीयता के साथ बातचीत की तथा उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी साझा किए।

रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति के इस आत्मीय स्नेह ने नुकेश के साथ वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी भावुक कर दिया।

सुवा नृत्य ने मोहा मन

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोकगीत, संगीत और पारंपरिक नृत्य से सजी इस प्रस्तुति की राष्ट्रपति ने सराहना की और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे देश के बड़े मंचों पर प्रस्तुत करती है तो हमारी परंपराओं को नई पहचान मिलती है।

विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य रखने की सीख

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और राष्ट्रपति भवन की यात्रा से प्राप्त अनुभव को वे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।

इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा श्री चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    रायपुर : वर्तमान पर फोकस करें, निरंतर सीखते रहें और समाज के लिए योगदान दें : राज्यपाल

    रायपुर, । संत गोबिंदराम शदाणी शासकीय कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय, रायपुर में वर्ष 2026-27 में नवप्रवेशित छात्राओं का दीक्षारंभ कार्यक्रम आज मंगलवार को राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य…

    Read more

    महिला के हार्ट की 60% क्षमता प्रभावित, डॉक्टरों ने सफल बाईपास सर्जरी कर बचाई जान

    रायपुर| छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग में एक बड़ी चिकित्सीय सफलता…

    Read more