कलेक्टर के सामने हुई सादगीभरी शादी, पेट्रोल-गैस बचाने के संदेश ने बदली सोच

 

सारंगढ़ में अनोखी पहल, बिना फिजूल खर्च के दूल्हा-दुल्हन ने रचाया विवाह

सारंगढ़ बिलाईगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद ईंधन बचत और फिजूल खर्ची रोकने को लेकर चलाए जा रहे जिला प्रशासन के जागरूकता अभियान का असर अब समाज में दिखाई देने लगा है। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को सादगी अपनाने और अनावश्यक खर्च से बचने की समझाइश दी जा रही थी। इसी अभियान से प्रेरित होकर रायकोंन निवासी रघुनाथ साहू और योगेश्वरी साहू ने बेहद सादगी और गरिमापूर्ण तरीके से विवाह कर नई मिसाल पेश की।

माता-पिता और कलेक्टर की मौजूदगी में पहनाई वरमाला

इस अनोखे विवाह की सबसे खास बात यह रही कि दूल्हा-दुल्हन ने जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की मौजूदगी में अपने माता-पिता और परिजनों के सामने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर विवाह संपन्न किया। बिना तामझाम और फिजूल खर्च के हुए इस विवाह की चर्चा पूरे नगर में दिनभर होती रही।

रघुनाथ बोले, हालात को देखते हुए लिया बड़ा फैसला

रघुनाथ साहू ने बताया कि लगातार गैस, डीजल और पेट्रोल की बचत को लेकर सरकार द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए परिवार के सभी लोगों ने बैठकर सादगीपूर्ण विवाह करने का निर्णय लिया। उनका कहना था कि अगर समाज छोटे-छोटे बदलाव अपनाए तो इससे देश और समाज दोनों को फायदा होगा।

कलेक्टर ने की पहल की सराहना

जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वर्तमान समय में लोगों को दिखावे और अनावश्यक खर्च से बचना चाहिए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों को सादगीपूर्ण तरीके से करें ताकि संसाधनों की बचत हो सके और समाज में सकारात्मक संदेश जाए।

जिले में लगातार चल रहा जागरूकता अभियान

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू द्वारा जिले में ईंधन, गैस और अन्य संसाधनों की बचत को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने शासकीय वाहनों के दुरुपयोग पर सख्ती दिखाई थी। अधिकारियों को अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने और जिला मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश भी दिए गए थे।

इसके अलावा पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन लगातार लोगों को समझाइश दे रहा है कि संसाधनों का सीमित और जिम्मेदारी के साथ उपयोग करना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

सारंगढ़ बिलाईगढ़ बना नई सोच का प्रतीक, सादगीपूर्ण विवाह से दिया बड़ा सामाजिक संदेश

छत्तीसगढ़ में ईंधन, गैस और पेट्रोल की बचत को लेकर सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला एक नई मिसाल बनकर उभरा है। जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए जागरूकता अभियान का असर अब समाज में साफ दिखाई देने लगा है। सादगीपूर्ण विवाह जैसी पहल ने यह साबित कर दिया है कि बदलती परिस्थितियों में समाज भी अब जिम्मेदारी समझने लगा है।

रघुनाथ साहू और योगेश्वरी साहू का बिना फिजूल खर्च और बिना दिखावे के संपन्न हुआ विवाह केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन गया। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की मौजूदगी में संपन्न यह विवाह इस बात का संकेत है कि कम खर्च में भी गरिमा और परंपरा के साथ शादी की जा सकती है।

जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की मौजूदगी में संपन्न इस विवाह समारोह में वर एवं वधु दोनों पक्ष के माता-पिता सहित अन्य परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए इस पहल की सराहना की

  • Related Posts

    मित्रता दिवस पर उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल का अनूठा संदेश

      ‘मित्रता से सेवा तक’ अभियान के तहत मरीजों को बांधे फ्रेंडशिप बैंड, परिजनों को भेंट किए पौधे   रायपुर। भाटागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में मित्रता दिवस “मित्रता से…

    Read more

    त्योहारी खरीदारी से पहले सरकार का बड़ा फैसला, अब इस नियम का पालन नहीं किया तो होगी सख्त कार्रवाई

    त्योहारी सीजन से पहले चीनी की संभावित किल्लत, महंगाई और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने देशभर में चीनी के भंडारण…

    Read more