रायपुर स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी का खुलासा: 24 घंटे में धमतरी और नागपुर से पकड़े गए 3 अपचारी बालक

रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र के लोधीपारा चौक स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया है। घटना के बाद तीनों अलग-अलग जगह चले गए थे। पुलिस टीम ने तलाश करते हुए उन्हें धमतरी और नागपुर से पकड़ा। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई नकदी में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये और दुकान से ले जाया गया POI पावर स्विच बरामद किया गया है।

शटर का ताला खुला मिला, गल्ले से नकदी गायब

पुलिस के मुताबिक, शोरूम संचालक ऐश्वर्य मार्या ने 24 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाया था। अगले दिन 25 नवंबर को सुबह लगभग 10 बजे जब दुकान खोली गई तो शटर का ताला खुला मिला। अंदर लगे CCTV कैमरों की दिशा भी बदली हुई थी।

जांच करने पर गल्ले से 2 लाख 56 हजार 163 रुपये और एक POI पावर स्विच गायब मिला। इसके बाद दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई।

CCTV में चेहरा ढककर दुकान में घुसता दिखा संदिग्ध

फुटेज की जांच में रात करीब 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध की गतिविधियां दिखाई दीं। वह दुकान के भीतर पहुंचकर CCTV कैमरों की दिशा बदलता नजर आया। इसके बाद गल्ले में रखी रकम और POI पावर स्विच लेकर वहां से निकल गया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने POI पावर स्विच को CCTV कैमरों का DVR समझ लिया था और उसे भी अपने साथ ले गए।

धमतरी और नागपुर में तलाश कर तीनों को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में ADCP आदित्य पांडे और ACP पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे की टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इस दौरान जानकारी मिली कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए है। इसके बाद पुलिस टीम ने धमतरी और नागपुर में तलाश कर तीनों को पकड़ लिया।

2.52 लाख रुपये और पावर स्विच बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये बरामद किए। इसके अलावा CCTV का DVR समझकर ले जाया गया POI पावर स्विच भी जब्त कर लिया गया है।

तीनों अपचारी बालकों की पहचान और अन्य व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी गई है। पुलिस किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

  • Related Posts

    महासमुंद में कार से 52 किलो से ज्यादा चांदी जब्त, कीमत करीब 90 लाख रुपये; दो लोग पकड़े गए

    महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और अन्य सामान जब्त किया है। बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली अंतर्राज्यीय…

    Read more

    CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द होगी, सरकारी विभागों में नई भर्तियों को लेकर CM साय ने दिए संकेत

    रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल्द फैसला होने की बात कही है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान वार्षिक…

    Read more