रायपुर Apple Store में 1.89 करोड़ की चोरी का खुलासा, इंदौर रेंज से एक आरोपी गिरफ्तार

 रायपुर :  तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के सामने आई नेक्स्ट Apple Store में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 31 अक्टूबर की रात दुकान से 173 मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में एक संदिग्ध आरोपी को मध्यप्रदेश की इंदौर रेंज से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। चोरी किए गए मोबाइल की कुल कीमत करीब 1.89 करोड़ रुपये बताई गई है।पूछताछ में वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की बात सामने आने की जानकारी मिली है। पुलिस अब बाकी दो आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि, गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नही की गई है।

शटर उठाकर दुकान में घुसे थे चोर, DVR भी ले गए

यह वारदात 31 अक्टूबर की रात हुई थी। अगले दिन सुबह जब स्टोर मैनेजर दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने देखा कि शटर एक तरफ से उठा हुआ है। अंदर जांच करने पर 173 महंगे मोबाइल गायब मिले। चोर दुकान में लगा DVR भी अपने साथ ले गए थे।DVR चोरी होने के कारण पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए। भगत सिंह चौक के पास तीन संदिग्धों की तस्वीरें कैमरे में कैद मिलीं। इन्हीं फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

बिहार के चादर गैंग के बजाय कंजर गिरोह पर गया शक

वारदात के तरीके को देखते हुए शुरुआत में पुलिस को बिहार के चादर गैंग की संलिप्तता का संदेह था। हालांकि, CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की जांच के दौरान आरोपियों के मध्यप्रदेश के कंजर गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली।इसके बाद रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और संदिग्धों की पहचान तथा उनके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि गिरोह के बदमाशों की गिरफ्तारी के दौरान स्थानीय पुलिस पर हमले की आशंका रहती है। इसी वजह से रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की।

एक साथी की गिरफ्तारी के बाद दो बदमाश फरार

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए रायपुर से लेकर महाराष्ट्र तक CCTV फुटेज खंगालने पड़े। भगत सिंह चौक से मिले सुरागों के आधार पर आमानाका मार्ग और आगे के रास्तों की जांच की गई।पुलिस की पड़ताल में आरोपियों की आखिरी लोकेशन महाराष्ट्र के भंडारा और उससे लगे मौदा इलाके तक मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की जानकारी देने के लिए इश्तेहार जारी किया और संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किया।बताया जा रहा है कि इश्तेहार देखने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना दी। जानकारी की पुष्टि के बाद टीम को रवाना किया गया। घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया गया। हालांकि, अपने साथी की गिरफ्तारी की भनक लगने पर बाकी दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

चोरी के मोबाइल कहां खपाए, रिकवरी पर अभी जानकारी नही

इस मामले में अभी यह स्पष्ट नही हो पाया है कि चोरी किए गए 173 मोबाइल कहां छिपाए गए या उन्हें किन लोगों को बेचा गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से कितने मोबाइल बरामद हुए हैं, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक नही की गई है।

पुलिस फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक के भी चोरी की होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

  • Related Posts

    बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस पर BJYM अध्यक्ष का पलटवार, बोले- जनता ने कांग्रेस को कर दिया है फ्री

    रायपुर। डबल इंजन सरकार के बावजूद छत्तीसगढ़ में बढ़ती बेरोजगारी वाले कांग्रेस के बयान पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ हेमांग जोशी ने पलटवार किया है. उन्होंने…

    Read more

    नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त मामले में सरकार का बड़ा एक्शन, दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस होगा रद्द; डॉक्टरों की डिग्री भी होगी फ्रीज

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है. दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया…

    Read more