भिलाई में 36 भरे गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, 2 हजार में बेच रहे थे आरोपी; तीन दिन में 8 गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई में खड़ी मालवाहक गाड़ी से 36 भरे इंडेन गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने तीन दिन के भीतर पता लगा लिया। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के सिलेंडरों की बरामदगी के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया है। मामले में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

साक्षरता चौक के पास खड़ी गाड़ी से गायब हुए थे सिलेंडर

मामला भिलाई के कैंप-01 स्थित साक्षरता चौक के पास सर्विस रोड का है। 18 सितंबर को यहां खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस गाड़ी से 36 भरे हुए इंडेन सिलेंडर चोरी हो गए थे। अगले दिन घनश्याम कुर्रे ने छावनी थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की।

पूछताछ में खुली चोरी की पूरी कड़ी

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस प्रमोद देवांगन तक पहुंची। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने चोरी में शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उससे मिले इनपुट के आधार पर अन्य आरोपियों और चोरी के सिलेंडरों की तलाश शुरू की।पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 को जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छिपाकर रखा गया था। वहीं बाकी 20 सिलेंडरों को आरोपियों ने करीब 2-2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिया था।

चोरी के सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर चोरी के सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने 20 सिलेंडर बरामद किए, जबकि बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से वारदात में इस्तेमाल वाहन और 5 अन्य सिलेंडर भी जब्त किए गए।पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।

8 आरोपी गिरफ्तार, सभी भेजे गए जेल

इस मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन के अलावा सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी किए गए सिलेंडरों की बिक्री और इस पूरी वारदात में आरोपियों की भूमिका किस तरह जुड़ी हुई थी।

  • Related Posts

    पुराने ध्वजारोहण वीडियो पर अजय चंद्राकर पहुंचे कोर्ट, सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर के खिलाफ मानहानि परिवाद

    धमतरी। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण को लेकर शुरू हुआ सोशल मीडिया विवाद अब न्यायालय तक पहुंच गया है। कुरूद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मंगलवार को धमतरी सत्र न्यायालय…

    Read more

    इलाज के बाद 23 सितंबर को रायपुर लौटेंगे किरण सिंह देव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर अटकलों पर विराम

    रायपुर। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव अब स्वास्थ्य लाभ के बाद छत्तीसगढ़ लौटने जा रहे है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक…

    Read more