राजनांदगांव में बायपास समेत तीन सड़कें होंगी फोरलेन, 14 गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री पर रोक

राजनांदगांव। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए बायपास सहित तीन प्रमुख सड़कों को फोरलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इन परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने संबंधित गांवों में भूमि अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगा दी है।

प्रस्तावित बायपास के प्रारंभिक रूट से करीब 400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की आशंका है। इतनी बड़ी संख्या में मकानों पर असर पड़ने की संभावना को देखते हुए लोक निर्माण विभाग वैकल्पिक मार्ग पर विचार कर रहा है। विभाग का प्रयास है कि ऐसा संरेखण तय किया जाए, जिससे कम से कम मकानों को हटाना पड़े। इससे भूमि अधिग्रहण, मुआवजे और पुनर्वास पर होने वाला खर्च भी घट सकता है।

दो अन्य प्रमुख सड़कों का भी होगा चौड़ीकरण

बजट में राजनांदगांव की दो महत्वपूर्ण सड़कों को फोरलेन बनाने का प्रावधान किया गया है। इनमें जीई रोड पर राम दरबार (रायपुर नाका) से लखोली तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है। दूसरी सड़क मठपारा से राजनांदगांव बायपास तक बनाई जाएगी, जिसकी लंबाई करीब 2.50 किलोमीटर होगी।

इन दोनों सड़कों के निर्माण के लिए भी जमीन से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राम दरबार से लखोली मार्ग के लिए ग्राम लखोली तथा मठपारा से बायपास मार्ग के लिए लखोली और नंदई की जमीनों पर राजस्व गतिविधियां प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके आधार पर कलेक्टर ने संबंधित क्षेत्रों में भूमि अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

पहले छह, अब आठ नए गांव भी प्रतिबंध के दायरे में

बायपास परियोजना के लिए पहले मनकी, सुंदरा, पार्टीनाला, गठुला, ढाबा और पेंड्री गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री सहित अन्य राजस्व गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी।

अब लोक निर्माण विभाग के नए प्रस्ताव के बाद आठ और गांवों को इसमें शामिल किया गया है। इनमें बरगाही, अचानकपुर भाठागांव, धरमापुर, भेड़ीकला, बोरी, लिटिया, तोरनकट्टा और बजरंगपुर नवागांव शामिल हैं। इस तरह बायपास परियोजना से जुड़े कुल 14 गांवों में जमीन संबंधी गतिविधियों को नियंत्रित किया गया है।

25 नवंबर को कलेक्टर को भेजा गया था प्रस्ताव

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने 25 नवंबर को कलेक्टर को पत्र भेजकर बजट में शामिल सड़क परियोजनाओं के लिए जरूरी राजस्व कार्रवाई करने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित गांवों की जमीनों पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए।

फिलहाल विभाग बायपास के अंतिम रूट निर्धारण, भूमि अधिग्रहण और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटा है। मार्ग का अंतिम स्वरूप तय होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने और बाहरी वाहनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

  • Related Posts

    बैलाडीला में खनन का मलबा जंगल तक फैला, NMDC के जीएम पर वन विभाग ने दर्ज कराया प्रकरण

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला खनन क्षेत्र में पर्यावरणीय नुकसान को लेकर NMDC प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वन विभाग ने कंपनी के महाप्रबंधक के खिलाफ प्रकरण…

    Read more

    CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, 14 दिसंबर तक मांगी प्रगति रिपोर्ट

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष का पद लंबे समय से रिक्त होने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा…

    Read more