Weather Update: मध्य प्रदेश में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश के कई इलाकों में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। आसमान से बरसती आग और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।खजुराहो और नौगांव एक बार फिर प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने रहे, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

4 जिलों में रेड अलर्ट, 11 जिलों में भीषण लू का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है। साथ ही तेज लू चलने की भी चेतावनी दी गई है।वहीं दतिया, निवाड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम में येलो अलर्ट लागू किया गया है।

खजुराहो और नौगांव बने गर्मी के सबसे बड़े केंद्र
प्रदेश में खजुराहो और नौगांव पिछले 10 दिनों से लगातार सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। रविवार को खजुराहो में 45.5 डिग्री और नौगांव में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।इसके अलावा टीकमगढ़, दमोह, शाजापुर और दतिया में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य प्रदेश इस समय देश के सबसे अधिक गर्म इलाकों में शामिल हो चुका है।

बड़े शहरों का तापमान भी बढ़ा, राजधानी भोपाल में बढ़ी परेशानी
प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का असर बेहद तेज दिखाई दे रहा है।

जबलपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
ग्वालियर और उज्जैन में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया
भोपाल में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा
इंदौर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया

लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी दिखाई दे रही हैं।

हीट स्ट्रोक और उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े, अस्पतालों में बढ़ी भीड़
भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी भोपाल सहित कई जिलों के अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, उल्टी और दस्त के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक पानी पीने और धूप से बचाव करने को कहा गया है।

गर्मी का असर वाहनों और सड़कों पर भी, ट्रक में लगी आग
तेज गर्मी अब मशीनों और वाहनों पर भी असर डालने लगी है। विदिशा में पेट्रोल पंप के सामने खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। ड्राइवर और क्लीनर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।

गनीमत यह रही कि आग पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। कई इलाकों में सड़क का डामर पिघलने और मोबाइल फोन के अत्यधिक गर्म होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

अभी और बढ़ेगी गर्मी, 47 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है और इसके बाद गर्मी और अधिक विकराल रूप ले सकती है। अनुमान है कि 25 मई से 2 जून के बीच कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Related Posts

सीहोर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, एक महीने में 40 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड

MP News: सीहोर में गुरुवार को कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सड़क हादसों को कम करने और यातायात व्यवस्था को अधिक…

Read more

MP में भर्ती परीक्षा नियमों का नया सिस्टम! साल में 3 बार होंगे एग्जाम, ‘स्कोर कार्ड’ से मिलेगी नौकरी

MP Government Job New Rule: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह बदलने वाली है. इसके लिए राज्य सरकार ने नए नियमों का ड्राफ्ट जारी कर…

Read more