खेलों में नई उड़ान की तैयारी, छत्तीसगढ़ में बनने जा रहा बड़ा स्पोर्ट्स नेटवर्क, जल्द शुरू होगी हॉकी लीग

 रायपुर :  कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में खेल मंत्री अरुण साव ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य को तीरंदाजी के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही प्रदेश में जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन भी किया जाएगा।

67 करोड़ की लागत से बनेगी नेशनल आर्चरी अकादमी

खेल मंत्री ने खेल सचिव यशवंत कुमार की मौजूदगी में बताया कि नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-3 में 67 करोड़ रुपए की लागत से नेशनल आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही है। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग को 13.47 एकड़ भूमि निःशुल्क आवंटित की गई है। अकादमी निर्माण के लिए एनटीपीसी, एनआरएएनवीपी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया है।

जशपुर में भी तैयार हो रही आर्चरी अकादमी

उन्होंने बताया कि जशपुर जिले में लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से आर्चरी अकादमी का निर्माण कार्य जारी है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करना है।

नवा रायपुर में बनेगा आधुनिक मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-28 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो चरणों में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। पहले चरण के लिए 114.05 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य जारी है, जबकि दूसरे चरण के लिए 94.69 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी जारी की गई है।

जशपुर और रायगढ़ को मिलेंगे इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

सरकार ने जशपुर के कुनकुरी में 64 करोड़ रुपए और रायगढ़ में 92 करोड़ रुपए की लागत से इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की स्वीकृति दी है। दोनों परियोजनाओं की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से उभर रही नई प्रतिभाएं

अरुण साव ने बताया कि बस्तर ओलंपिक के दो सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। वर्ष 2024 में 1.65 लाख और 2025 में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 31 खिलाड़ियों को यूथ आइकन चुना गया।

सरगुजा ओलंपिक के पहले संस्करण में वर्ष 2026 के दौरान 3.49 लाख पंजीयन हुए। 12 खेल विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं से 14 खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चयनित किया गया।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में 19 पदक

खेल मंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिली थी। रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित प्रतियोगिताओं में करीब 3 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक अपने नाम किए।

पदक विजेताओं को मिलेगा नकद प्रोत्साहन

राज्य सरकार ने ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। स्वर्ण पदक विजेता को 2 लाख रुपए, रजत पदक विजेता को 1.5 लाख रुपए और कांस्य पदक विजेता को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।

100 करोड़ के मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन पर होगा काम

खेलों को नई दिशा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, फीडर सेंटर, खिलाड़ी कल्याण और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण जैसी योजनाओं को लागू किया जाएगा।

चार वर्षों के लंबित खेल सम्मान भी किए गए प्रदान

अरुण साव ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक लंबित राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित कर कुल 1,143 खिलाड़ियों को खेल सम्मान, नकद पुरस्कार और खेलवृत्ति प्रदान की है।

  • Related Posts

    कलेक्ट्रेट में सजा ‘बिहान राखी बाजार, पहले दिन हुई 13 हजार ₹ की बिक्री

      कलेक्टर ने स्वयं राखी खरीदकर स्थानीय उत्पाद को दिया बढ़ावा सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 अगस्त 2026/ रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बिहान अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की…

    Read more

    15 अगस्त को राष्ट्रपति से सम्मानित होंगे सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले के प्रगतिशील किसान कुलदीप पटेल

      मिलेट्स उत्पादन, प्रसंस्करण और किसान से उपभोक्ता तक मॉडल को मिली राष्ट्रीय पहचान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दी किसान को दी बधाई सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 अगस्त 2026/ जिले के…

    Read more