रायपुर : नक्सल पीड़ित बुजुर्ग महिला को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का सहारा

78 वर्षीय वंजाम चिंगे का वय वंदन कार्ड बना

रायपुर, 8 अगस्त 2026

नक्सल पीड़ित बुजुर्ग महिला को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का सहारा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल के तहत दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए आयुष्मान भारत संतृप्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान सुकमा जिले के ग्राम पुनपल्ली (दुब्बाटोटा), विकासखंड कोंटा में एक प्रेरक उदाहरण सामने आया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम 78 वर्षीय नक्सल पीड़ित बुजुर्ग महिला श्रीमती वंजाम चिंगे के घर पहुंची और उनके दस्तावेजों का सत्यापन कर वय वंदन कार्ड बनाया। अब उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज शासकीय और चिन्हित अस्पतालों में मिल सकेगा।

श्रीमती वंजाम चिंगे का जीवन लंबे समय तक संघर्षों से भरा रहा। वर्ष 2006 में नक्सल हिंसा में उनके पति स्वर्गीय वंजाम देवे की हत्या हो गई थी। इसके बाद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताया। ऐसे समय में प्रशासन का उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना उनके लिए बड़ी राहत और सम्मान का क्षण था।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए और स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी दी गई। जांच के दौरान चार मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए, जिनका तुरंत उपचार शुरू किया गया। वहीं तीन मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोरनापाल रेफर किया गया।

आयुष्मान भारत संतृप्ति अभियान का उद्देश्य दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के हर पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाना है। यह अभियान केवल कार्ड बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को समय पर इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है।

श्रीमती वंजाम चिंगे की कहानी बताती है कि जब शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तो वे केवल सुविधा नहीं देतीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और नए विश्वास का आधार भी बनती हैं।

  • Related Posts

    आज विज्ञान इतना विकास कर लिया है कि एआई के जरिए जटिल से जटिल ऑपरेशन हो रहा आसानी से – डा. रमन

     00 रीढ़ की हड्डी जोडऩे में लग जाते है 8 से 10 लाख,  नारायणा में 50 मरीजों का हो रहा नि:शुल्क ऑपरेशन सराहनीय – साव रायपुर। नारायणा हॉस्पिटल में तीन दिवसीय…

    Read more

    एम्स रायपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

    00 2 सितंबर को होगा दीक्षांत समारोह, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में होंगी शामिल रायपुर। भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह में भारत…

    Read more