डोंगरगढ़ भाजपा मंडल भंग होने पर बढ़ा विरोध, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ भाजपा मंडल को भंग किए जाने के फैसले के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का विरोध तेज हो गया है। मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मिले और मंडल को दोबारा बहाल करने की मांग उठाई।

‘गलती नहीं थी, फिर कार्रवाई क्यों?’

प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. रमन सिंह के सामने सवाल रखा कि यदि डोंगरगढ़ मंडल की कोई प्रत्यक्ष भूमिका या गलती नहीं थी, तो पूरे मंडल को भंग करने का निर्णय क्यों लिया गया। पदाधिकारियों का कहना था कि बिना मंडल को विश्वास में लिए यह फैसला लिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष है।

अध्यक्ष से लेकर पार्षद तक पहुंचे स्पीकर हाउस

जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ मंडल अध्यक्ष जसमीत बन्नोआना, नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, उपाध्यक्ष, पार्षदों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रविवार शाम स्पीकर हाउस पहुंचे। सभी ने संगठन के निर्णय पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए मंडल की बहाली की मांग की।

डॉ. रमन सिंह ने दिया आश्वासन

मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सभी पक्षों की बातें सुनीं और भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले पर संगठन के वरिष्ठ नेताओं अजय जमवाल और पवन साय से चर्चा की जाएगी। साथ ही डोंगरगढ़ से 10 से 15 प्रतिनिधियों को बुलाकर उनका पक्ष भी सुना जाएगा। इसके बाद संगठन सामूहिक रूप से अंतिम निर्णय करेगा।

आंतरिक विवाद के बाद हुई थी कार्रवाई

गौरतलब है कि डोंगरगढ़ भाजपा में पिछले कुछ समय से आंतरिक विवाद और सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। इसके बाद पार्टी ने पांच नेताओं को निष्कासित किया और बाद में डोंगरगढ़ मंडल को भी भंग कर दिया। अब इस निर्णय के विरोध में कार्यकर्ताओं ने संगठन के समक्ष अपनी बात रखी है और मंडल को फिर से बहाल करने की मांग की है।

  • Related Posts

    भिलाई के वेलनेस स्पा सेंटर में देह व्यापार का भंडाफोड़, मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 आरोपी गिरफ्तार

    भिलाईनगर। दुर्ग जिले के भिलाई में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्मृतिनगर थाना पुलिस की छापेमार…

    Read more

    मोहला में सांभर के शिकार का खुलासा: वन विभाग की छापेमारी में तीन आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत मोहला वनमंडल के दक्षिण मानपुर क्षेत्र…

    Read more