26 सितंबर को चौथे शनिवार की छुट्टी
26 सितंबर 2026 को महीने का चौथा शनिवार है। बैंकिंग नियमों के अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक शाखाओं में नियमित अवकाश रहता है। इसलिए इस दिन देशभर में बैंक ब्रांच बंद रहेंगी।ग्राहकों को अगर शाखा जाकर कोई जरूरी काम करना है, तो उन्हें इसके लिए वैकल्पिक दिन चुनना होगा।
27 सितंबर को रविवार, फिर भी खुलेंगी कुछ बैंक शाखाएं
27 सितंबर को रविवार है, लेकिन लगातार छुट्टियों और प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए सरकारी बैंकों और रीजनल रूरल बैंकों की कुछ शाखाओं में कामकाज रखा गया है। इसका मकसद ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है।हालांकि, ग्राहकों को अपनी संबंधित बैंक शाखा के स्थानीय स्तर पर जारी शेड्यूल की पुष्टि कर लेनी चाहिए, क्योंकि शाखा स्तर पर सेवाओं की व्यवस्था अलग हो सकती है।
28 से 30 सितंबर तक तीन दिन बैंक हड़ताल
UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI स्कीम को लेकर विरोध शामिल है।सरकार की ओर से PLI से जुड़ी व्यवस्था को फिलहाल टालने और यूनियनों से हड़ताल वापस लेने की अपील किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद अन्य मांगों को लेकर यूनियनों की ओर से हड़ताल का कार्यक्रम जारी रखा गया है।
हड़ताल के दौरान कौन से काम प्रभावित हो सकते हैं?
अगर प्रस्तावित हड़ताल तय कार्यक्रम के अनुसार होती है, तो बैंक शाखाओं में होने वाले कई काम प्रभावित हो सकते हैं। इनमें कैश जमा और निकासी, चेक से जुड़े कार्य, पासबुक अपडेट, नए खाते खोलना, KYC दस्तावेज जमा करना और डिमांड ड्राफ्ट बनवाने जैसी सेवाएं शामिल हैं।वहीं ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं पूरी तरह बंद हों, यह जरूरी नहीं है। इनका संचालन संबंधित बैंक की तकनीकी व्यवस्था और उपलब्ध सेवाओं पर निर्भर करेगा।
जरूरी बैंक काम है तो तारीखों का रखें ध्यान
लगातार छुट्टी और प्रस्तावित हड़ताल के कारण सितंबर के अंतिम सप्ताह में बैंक शाखाओं का सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। ऐसे में जिन ग्राहकों को शाखा जाकर जरूरी काम कराना है, उनके लिए 26 से 30 सितंबर के बीच बैंकिंग कैलेंडर को ध्यान में रखकर पहले से योजना बनाना उपयोगी रहेगा।