अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत मंगलवार देर रात अचानक बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि वह घर के किचन में बेहोशी की हालत में पाए गए थे। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पोस्टमार्टम KGMU में, जांच जारी
शव को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उनके मोबाइल फोन को भी कब्जे में लिया गया है।
अखिलेश यादव पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस
निधन की खबर मिलते ही अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां वे करीब 40 मिनट तक मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली।
अखिलेश यादव ने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद दुखद क्षण है और जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी, उसका पालन किया जाएगा।
2 महीने पहले हुई थी आखिरी मुलाकात
अखिलेश यादव ने बताया कि लगभग दो महीने पहले उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। उस समय उन्होंने उन्हें स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपने कारोबार पर फोकस करने की सलाह दी थी।
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार कारोबारी नुकसान के कारण व्यक्ति मानसिक रूप से प्रभावित हो जाता है।
पत्नी असम से लौट रही हैं लखनऊ
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की पत्नी उस समय असम में मौजूद थीं और उनके दोपहर तक लखनऊ पहुंचने की संभावना है।
राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक
प्रतीक यादव के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है। यादव परिवार और उनके समर्थकों में गहरा दुख देखा जा रहा है।