इन बड़ी कंपनियों के प्रोडक्ट हो सकते हैं महंगे
ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स ने अलग अलग कैटेगरी में कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कई प्रोडक्ट्स पर करीब 4 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।पैनासोनिक भी कीमतों में बदलाव को लेकर विचार कर रही है। वहीं LG और बाश होम कंफर्ट की ओर से AC की कीमतों में लगभग 5 फीसदी तक बढ़ोतरी की जानकारी सामने आई है।
AC की कीमत पर कॉपर की बढ़ती कीमत का सीधा असर
एयर कंडीशनर के निर्माण में कॉपर का महत्वपूर्ण इस्तेमाल होता है। हायर इंडिया के प्रेसिडेंट एनएस सतीश के मुताबिक, पिछले साल कॉपर की कीमत लगभग 8,000 से 9,000 डॉलर प्रति मीट्रिक टन के आसपास थी। अब यह बढ़कर करीब 14,500 डॉलर प्रति मीट्रिक टन तक पहुंच गई है।एक AC के निर्माण में करीब 3 से 4 किलो कॉपर का इस्तेमाल होता है। ऐसे में कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर तैयार प्रोडक्ट की कीमत पर पड़ना स्वाभाविक है।
दिवाली के बाद फिर बढ़ सकते हैं AC के दाम
मौजूदा लागत दबाव आगे भी जारी रहा तो कंपनियां आने वाले महीनों में एक और कीमत वृद्धि कर सकती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली के बाद और फिर जनवरी में AC की कीमतों में दोबारा बदलाव की संभावना जताई गई है।इसका मतलब है कि AC खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को आने वाले समय में कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
हर कंपनी एक ही तारीख से नहीं बढ़ाएगी कीमत
कमोडिटी की लागत में करीब 8 से 10 फीसदी तक बढ़ोतरी के बीच कंपनियों पर कीमतों में संशोधन का दबाव है। हालांकि सभी कंपनियां एक ही तारीख से नई कीमत लागू करेंगी, ऐसा जरूरी नहीं है।कुछ कंपनियां अक्टूबर से संशोधित कीमतें लागू कर सकती हैं, जबकि कुछ ब्रांड नवंबर से अपने प्रोडक्ट महंगे कर सकते हैं।
कॉपर के साथ स्टील और प्लास्टिक भी बढ़ा रहे लागत
AC और दूसरे घरेलू उपकरणों की कीमतों पर सिर्फ कॉपर महंगा होने का असर नहीं है। स्टील और प्लास्टिक समेत कई अन्य कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी से भी कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ी है।ब्लू स्टार के एमडी बी. त्यागराजन के अनुसार, कंपनी इस साल पहले ही तीन बार कीमतों में वृद्धि कर चुकी है। पिछले साल के त्योहारी सीजन की तुलना में कंपनियों की लागत में करीब 15 फीसदी तक बढ़ोतरी का दावा किया गया है।