
CG Heavy Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार में लौट आया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा असर बिलासपुर में देखने को मिल रहा है, जहां नेशनल हाईवे-49 समेत कई प्रमुख मार्ग जलमग्न हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़क के ऊपर 4 से 5 फीट तक पानी बहने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
लो प्रेशर सिस्टम से अगले तीन दिन भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा, उत्तर और पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर तेज हो गया है। विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। वहीं आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है।
लीलागर नदी उफान पर, पुल के ऊपर से बह रहा पानी
कोटमीसोनार क्षेत्र में लीलागर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा है, जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की गई है।
रायपुर और दुर्ग में लगातार बूंदाबांदी
राजधानी रायपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में रातभर से रुक-रुककर बारिश जारी है। प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत
रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय प्रभा एक्का की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वह जंगल में पुटू यानी जंगली मशरूम इकट्ठा करने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही जान चली गई।
बिलासपुर में बाढ़ जैसे हालात
लगातार दो दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण बिलासपुर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। शहर की सड़कें पानी में डूब गई हैं और कई रिहायशी इलाकों में भी बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया है। नेशनल हाईवे-49 पर जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा जलभराव
बारिश के कारण श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई इलाकों में सड़कें और मकान पानी से घिर गए हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया है।
रेल सेवा भी प्रभावित
भारी बारिश का असर रेलवे संचालन पर भी पड़ा है। रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण पांच मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि तीन ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
लगातार हो रही बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।





