
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां-बेटे की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जयनगर थाना क्षेत्र के विश्रामपुर इलाके में एक शिक्षिका और उसके बेटे के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। बेटे का शव महावीरपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से लगे कच्चे रास्ते पर मिला, जबकि मां का शव उनके किराए के मकान के बाथरूम में बरामद किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान अभी स्पष्ट नही हुई है।
सड़क किनारे मिला 12वीं के छात्र का शव
घटना का खुलासा शनिवार सुबह हुआ, जब महावीरपुर गांव के पास मुख्य मार्ग से लगे कच्चे रास्ते पर एक युवक का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। शुरुआत में पहचान नही होने के कारण पुलिस ने शव को विश्रामपुर की मॉर्च्युरी में रखवाया।
बाद में जांच के दौरान मृतक की पहचान विश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र सुजल बरेट (18) के रूप में हुई। पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों और घर से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू की।
पेट्रोल पंप के पास मिली स्कूटी, घर पहुंची पुलिस
जांच के दौरान सुजल की स्कूटी उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक पेट्रोल पंप के पास खड़ी मिली। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल तेज कर दी।
पुलिस टीम देर रात सुजल के किराए के मकान पर पहुंची। घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था और उसकी मां रजनी बरेट का भी कोई पता नही चल रहा था। अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस ने पड़ोसियों और परिचितों की मौजूदगी में ताला खुलवाया। घर के अंदर बाथरूम में रजनी बरेट (40) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
तीन साल पहले पति से हुआ था तलाक
रजनी बरेट बेलटिकरी के शासकीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार, करीब तीन साल पहले पति से तलाक होने के बाद वह अपने इकलौते बेटे सुजल के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। मां और बेटे के शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड कर रहे जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया। रविवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके की बारीकी से जांच की। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस के शुरुआती अनुमान के अनुसार, मां की हत्या घर के भीतर और बेटे की हत्या किसी दूसरी जगह किए जाने की आशंका है। वारदात में धारदार हथियार के इस्तेमाल की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों की हत्या कहां हुई और शवों को अलग-अलग स्थानों पर कैसे पहुंचाया गया।
विधायक और मंत्री प्रतिनिधि ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन के अनुसार, मृतक मां-बेटे मूल रूप से बालाघाट के निवासी थे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट नही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।








