
रायपुर : राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में 15 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक हादसे पर उर्मिला फाउंडेशन की डायरेक्टर नम्रता सिंह और अध्यक्ष डॉ. विनोद सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
‘जिन घरों के मासूम बुझ गए, उनका दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता’
फाउंडेशन से जुड़ी ममता सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने घर के मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके दुख और पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना असंभव है। उन्होंने कहा कि जिन घरों की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं, उनके दर्द की कल्पना मात्र से मन व्यथित हो उठता है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह सभी शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को दी श्रद्धांजलि
इस दुखद घटना के बाद उर्मिला फाउंडेशन की डायरेक्टर, अध्यक्ष और सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर हादसे में जान गंवाने वाले मासूम बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही सभी ने एक स्वर में दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों के लिए साहस की कामना की।
घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी मांगी दुआ
फाउंडेशन के सदस्यों ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए ईश्वर से उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी को पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने और हर संभव सहायता देने का प्रयास करना चाहिए।
देशभर से उठी संवेदना की आवाज
इस दर्दनाक अग्निकांड को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अनेक सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।







