
गरियाबंद। हल्की बारिश की फुहारों के बीच देवभोग विकासखंड के अमलीपदर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पूरे धार्मिक उल्लास और परंपरागत गरिमा के साथ संपन्न हुई। मौसम की बाधाओं को दरकिनार कर हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन और रथयात्रा में शामिल होने के लिए मंदिर परिसर पहुंचे। भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता के इस महापर्व ने एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था को जीवंत कर दिया।प्रख्यात कथावाचक पंडित युवराज पांडेय के सानिध्य में आयोजित इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। मंदिर परिसर सुबह से ही ‘बोल कालिया’ के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।




